मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के नवप्रवेशित छात्रों की हुई व्हाइट कोट सेरेमनी
जौनपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में सोमवार को एमबीबीएस बैच-2026 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी का आयोजन किया गया। शैक्षणिक भवन के लेक्चर थिएटर में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे की मर्यादा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सेवाभाव का महत्व बताया गया।
प्रधानाचार्य प्रो. आरबी कमल के दिशा-निर्देश में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। प्रधानाचार्य ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें चरक शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सफेद कोट केवल एक परिधान नहीं, बल्कि दया, संवेदना और मानवता की सेवा का प्रतीक है। इसे धारण करना सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। चिकित्सकों को अपने कर्तव्य के प्रति ईमानदार रहते हुए मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, करुणा और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य ने कहा कि चिकित्सा पेशा केवल ज्ञान अर्जित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानव जीवन की सेवा का माध्यम है। चिकित्सक के लिए मरीज की संतुष्टि और उसके चेहरे की मुस्कान सबसे बड़ा पुरस्कार है। उन्होंने विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सोबिया खान और डॉ. साधना ने किया। अंत में बायोकेमिस्ट्री विभाग की आचार्य प्रो. साधना अजय ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर चीफ प्रॉक्टर प्रो. रुचिरा सेठी, डीन एकेडमिक प्रो. तबस्सुम यासमिन सहित चिकित्सा शिक्षक, नवप्रवेशित छात्र-छात्राएं और कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव