जहां नारियों का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है : रमेश सिंह

 


जौनपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर के शाहगंज में शारदीय नवरात्र के अवसर पर शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालय पर सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शाहगंज विधायक रमेश सिंह ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ 300 कन्याओं के पांव पखारकर विधि-विधान से पूजन किया और उनका आशीर्वाद लिया।

इस दौरान विधायक ने कन्याओं को देवी स्वरूप मानते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कन्याओं को बैग, पानी की बोतल, किताब-कॉपी सहित अन्य शिक्षण सामग्री वितरित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रमेश सिंह ने कहा कि जहां नारियों का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। सनातन परंपरा में नवरात्र के दौरान मां दुर्गा की उपासना के साथ कन्या पूजन का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान करना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। महिलाओं को सम्मान और अवसर देकर ही समाज का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।

इस अवसर पर प्रभारी खंड विकास अधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी आनंद प्रकाश सिंह, मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह, अवधेश दुबे, बेचन सिंह, उमेश यादव, खुशीराम मिश्र, सतीश सिंह, दुष्यंत मिश्र और डॉ. रणंजय सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव