व्हाट्सएप आधारित ‘नेवरअलोन’ मंच से छात्रों को मिलेगी मानसिक स्वास्थ्य सहायता : प्रो. विनय कुमार पाठक
कानपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। ‘नेवरअलोन’ मंच का उद्देश्य विद्यार्थियों को बिना झिझक और आसानी से मानसिक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराना है। व्हाट्सएप आधारित यह व्यवस्था छात्रों को समय रहते तनाव और अन्य मानसिक चुनौतियों से निपटने में मदद करेगी। यह बातें गुरुवार को कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के 41वें दीक्षांत समारोह में छात्रों और युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ‘नेवरअलोन’ डिजिटल मंच का शुभारंभ किया गया। यह मंच व्हाट्सएप के माध्यम से संचालित होगा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा विशेषज्ञ परामर्श की सहायता से विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहयोग उपलब्ध कराएगा।
विश्वविद्यालय के अनुसार, इस मंच को इस तरह तैयार किया गया है कि विद्यार्थी बिना किसी सामाजिक संकोच के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सहायता प्राप्त कर सकें। व्हाट्सएप से जुड़ा होने के कारण इसका उपयोग आसान होगा और छात्र अपनी आवश्यकता के अनुसार मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि ‘नेवरअलोन’ केवल परामर्श का माध्यम नहीं है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य सहायता का एक समग्र डिजिटल मंच है। इसमें आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ सहयोग के माध्यम से विद्यार्थियों को तनाव, भावनात्मक चुनौतियों और व्यक्तिगत समस्याओं से निपटने में सहायता देने की व्यवस्था की गई है।
विश्वविद्यालय का मानना है कि इस पहल से छात्र अपने शैक्षणिक और व्यक्तिगत जीवन से जुड़े तनाव का समय रहते समाधान तलाश सकेंगे। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आवश्यकता पड़ने पर समय पर सहायता उपलब्ध कराने में भी यह मंच उपयोगी साबित होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप