औरैया : ब्यूटी पार्लर के खर्च को लेकर बिगड़ी बात, बिना शादी किए बारात लेकर लौटा दूल्हा
-दुल्हन की मां ने सोने की चेन और 50 हजार रुपये अतिरिक्त मांगने का लगाया आरोप
औरैया, 16 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के बाबरपुर स्थित एक गेस्ट हाउस में रविवार को शादी समारोह के दौरान वर और वधू पक्ष के बीच विवाद हो गया। ब्यूटी पार्लर के खर्च को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते बढ़ गई। सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। आखिरकार सात फेरों से पहले ही दूल्हा बिना शादी किए बारात लेकर लौट गया।
कस्बे के इस्लाम नगर निवासी दिनेश कुमार की पुत्री प्रीति उर्फ पारुल (22) की शादी भीखेपुर के लक्ष्मण की मड़ैया निवासी स्व. पुत्तू के पुत्र विकास (24) के साथ तय हुई थी। 15 नवंबर को बाबरपुर पेट्रोल पंप के पास स्थित शिवधाम गेस्ट हाउस में विवाह समारोह आयोजित किया गया था। इसी दौरान ब्यूटी पार्लर के खर्च के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
दुल्हन की मां प्रेमलता ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री की शादी 28 अक्टूबर 2026 को ककोर मुख्यालय स्थित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में विकास के साथ संपन्न हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से 14 नवंबर को लगुन और 15 नवंबर को विवाह समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया था। लगुन (टीका) में वर पक्ष को ढाई लाख रुपये कीमत की बाइक भी दी गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार