सपा के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएंगे : ऋतु गोयल

 

मथुरा, 11 सितम्बर(हि.स.)। डैम्पियर नगर स्थित समाजवादी पार्टी के महानगर कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष श्रीमती ऋतु गोयल ने शुक्रवार दोपहर मीडिया के समक्ष भाजपा सरकार की विफलताओं और सपा के शासनकाल की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की।

महानगर अध्यक्ष ऋतु गोयल ने कहा कि सत्ता में आने से पहले भाजपा ने बड़े-बड़े वादे किए थे, जो धरातल पर शून्य साबित हुए हैं। यमुना स्वच्छता, बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और मथुरा में जलभराव की समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने, गन्ने का 14 दिनों में भुगतान, हर युवा को रोजगार और 24 घंटे बिजली आपूर्ति के वादे भी पूरी तरह खोखले साबित हुए हैं। ऋतु गोयल ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल में मथुरा-वृंदावन में कराए गए विकास कार्यों को गिनाया, जिनमें गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का सुंदरीकरण एवं विकास और गोवर्धन बाईपास, मथुरा-यमुना पुल एवं वृंदावन में मल्टीलेवल पार्किंग, मथुरा में 400 केवी विद्युत उपकेंद्र तथा छाता में 220 केवी बिजलीघर, मुरगा फाटक एवं मछली फाटक ओवरब्रिज, गोकुल बैराज प्रभावित किसानों को मुआवजा, आईएसबीटी, बरसाना रोपवे एवं साइकिल ट्रैक, प्रदेश स्तर पर कराए गए ऐतिहासिक कार्य प्रमुख है। प्रेस वार्ता में सपा शासन की प्रदेश स्तरीय योजनाओं का भी उल्लेख किया गया, जैसे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, लखनऊ मेट्रो, 108/102 एम्बुलेंस सेवा, 1090 महिला हेल्पलाइन, यूपी-100, मुफ्त लैपटॉप वितरण, कन्या विद्याधन, बेरोजगारी भत्ता और विधवा पेंशन योजनाएं। प्रेस वार्ता में बल्लभ भाई कुशवाहा, अनिल निषाद, कोमल किशोर शर्मा, भगवती चतुर्वेदी, अनिल मिश्रा, इमरान अब्बास, गिर्राज कश्यप, जय शर्मा, विकास सिंह, अशोक यादव, योगेंद्र जसावत, सादाब खान, कृष्णा यादव, संजय यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार