उत्तर प्रदेश में हाईटेक हुई पेयजल योजनाओं की हाे रही निगरानी

 


तकनीक से जल जीवन मिशन को मिल रही नई उड़ान : स्वतंत्रदेव सिंह

लखनऊ,29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में ग्रामीण पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं को आटोमेशन से लैस किया जा रहा है। इस तकनीक के जरिए टंकियों के जलस्तर, पंपों की कार्यशीलता, भूजलस्तर और जलापूर्ति की निगरानी आदि की जा सकेगी।

इससे अधिकारियों को गांवों में पानी की आपूर्ति और टंकियों के जलस्तर की जानकारी लेने में आसानी होगी। साथ ही, तकनीकी खराबी का समय रहते पता लगाने और जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। पिछले दिनों राष्ट्रीय जलजीवन मिशन की रीजनल कॉन्फ्रेंस में उत्तर प्रदेश ने ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम से दूसरे राज्यों का ध्यान खींचा था। इस कॉन्फ्रेंस में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया था।

कार्यालय से ही हो सकेगी जलापूर्ति की निगरानी

स्काडा/ऑटोमेशन आधुनिक निगरानी एवं नियंत्रण प्रणाली है, जो सेंसर और उपकरणों से प्राप्त आंकड़ों के माध्यम से पेयजल योजनाओं की स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराती है। इसके जरिए टंकियों में पानी का स्तर, पाइपलाइन में पानी का प्रवाह, पंपों की कार्यशीलता और उपलब्ध उपकरणों से दबाव संबंधी जानकारी पर नजर रखी जा सकती है। इससे विभागीय अधिकारियों को योजनाओं की स्थिति जानने के लिए बार-बार मौके पर जाने की जरूरत कम होगी और निगरानी व्यवस्था अधिक व्यवस्थित बनेगी। यदि किसी योजना में पंप बंद होने, जलस्तर में असामान्य बदलाव या तकनीकी खराबी का पता चलता है, तो संबंधित कर्मचारियों को समय रहते कार्रवाई करने में मदद मिल सकती है। इससे मरम्मत में लगने वाला समय कम करने और जलापूर्ति बाधित होने की अवधि घटाने में सहायता मिलेगी। इसी तरह भूजल की स्थिति भी अपडेट रहेगी।

प्रदेश की पेयजल योजनाओं में तकनीकी बदलाव

जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश में कुल 36,374 पेयजल योजनाओं में स्काडा/ऑटोमेशन प्रस्तावित है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, संचालित एवं अनुरक्षित तथा ट्रायल रन की लगभग 13,700 योजनाओं में ऑटोमेशन का काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा पुरानी जल निगम योजनाओं में भी स्काडा/ऑटोमेशन से जुड़ा काम किया जा रहा है। विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र की पुरानी जल निगम योजनाओं में भी स्काडा/ऑटोमेशन लगाया जा रहा है।

63625 गांवों में नियमित जलापूर्ति

उत्तर प्रदेश में प्रत्येक ग्रामीण परिवारों में शुद्ध पेयजल योजनाएं पहुंचाने के लिए तीव्र गति से कार्य चल रहा है। वर्तमान समय में 63625 गांवों में नियमित जलापूर्ति हो रही है। हर गांव तक बेहतर पेयजल सुविधा पहुंचाने पर जोर जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को घर पर नल से पर्याप्त और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए बुनियादी ढांचे के विकास के साथ योजनाओं का नियमित संचालन, रखरखाव और जल गुणवत्ता की निगरानी भी महत्वपूर्ण है।

जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जारी बयान में कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जल जीवन मिशन के तहत हमारा प्रयास केवल घर-घर नल कनेक्शन पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पेयजल योजनाओं का सुचारु संचालन और उनका दीर्घकालिक रखरखाव भी हमारी प्राथमिकता है। हमारा लक्ष्य है कि तकनीक का बेहतर उपयोग करते हुए जलापूर्ति संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान हो और ग्रामीण परिवारों को नियमित पेयजल सुविधा का लाभ मिलता रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन