गंगा का जलस्तर सात सेंटीमीटर घटा, खतरे के निशान से 33 सेंटीमीटर नीचे

 


कानपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। गंगा का जलस्तर रविवार के मुकाबले सोमवार को सात सेंटीमीटर घट गया। कानपुर बैराज पर अपस्ट्रीम में जलस्तर 114.670 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु से 67 सेंटीमीटर ऊपर और खतरे के निशान से 33 सेंटीमीटर नीचे है। हालांकि जलस्तर में कमी के बावजूद प्रशासन की ओर से नदी किनारे के इलाकों पर नजर रखी जा रही है।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि गंगा के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम रखे गए हैं।

फ्लड कंट्रोल ऑफिस, एलजीसी कानपुर के अनुसार, बैराज पर डाउनस्ट्रीम में जलस्तर 114.280 मीटर दर्ज किया गया। बैराज से चार लाख 12 हजार 548 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया। रविवार को अपस्ट्रीम में जलस्तर 114.740 मीटर और डाउनस्ट्रीम में 114.370 मीटर था, जबकि डिस्चार्ज 4 लाख 20 हजार 691 क्यूसेक दर्ज किया गया था। इस तरह एक दिन में अपस्ट्रीम जलस्तर सात सेंटीमीटर और डाउनस्ट्रीम नौ सेंटीमीटर कम हुआ है। डिस्चार्ज में भी 8 हजार 143 क्यूसेक की कमी दर्ज की गई।

शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 113.050 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु से पांच सेंटीमीटर ऊपर है। यहां चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का निशान 114 मीटर है। वहीं हरिद्वार बैराज से 74 हजार 532 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 64 हजार 283 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया।

प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। जलस्तर में कमी के बावजूद अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप