वार्ड स्तर पर संगठन की मजबूती से कांग्रेस काे चुनावों में मिलेगा लाभ : पवन गुप्ता

 


कानपुर, 13 जून (हि.स.)। वार्ड स्तर पर संगठन जितना मजबूत होगा, कांग्रेस उतनी ही मजबूती से चुनावी मैदान में उतरेगी। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय रहकर पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को उठाना होगा। यह बातें शनिवार को महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पवन गुप्ता ने वार्ड अध्यक्षों की समीक्षा बैठक में कहीं।

मेस्टन रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय तिलक हाल में आज महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से वार्ड अध्यक्षों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को वार्ड स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि वार्ड अध्यक्ष संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। यदि वार्ड स्तर पर संगठन मजबूत होगा तो पार्टी को चुनावों में भी उसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने का आह्वान किया।

बैठक में सदस्यता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रमों और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और इसी आधार पर कांग्रेस जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करेगी।

बैठक का संचालन महानगर उपाध्यक्ष रितेश यादव ने किया। इस दौरान वरिष्ठ नेता नरेश त्रिपाठी, शंकर दत्त, पदम मोहन मिश्रा और हरीश बाजपेई ने भी अपने विचार रखे। बैठक में अब्दुल जब्बार, धर्मेंद्र सिंह, विवेक पाल, जलील अहमद सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और वार्ड अध्यक्ष मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप