जलालपुर में तीन लाख की लूट का वांछित आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की वर्दी बरामद

 


जौनपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में जलालपुर थाना क्षेत्र में बीते 26 अगस्त को हुई तीन लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना के दौरान पहनी गई उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही की वर्दी भी बरामद की है। वर्दी को आरोपित पिट्ठू बैग में रखकर ले जा रहा था।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि जलालपुर पुलिस टीम ने सूचना पर आरोपित को गुमटहिया मार्केट से सेहमलपुर जाने वाले मार्ग पर बहद ग्राम तालामझवारा के पास से गिरफ्तार किया। आरोपित की पहचान ग्राम सेहमलपुर अमरनाथ यादव के रूप में हुई है। 26 अगस्त को शकरमंडी निवासी आकाश सेठ पुत्र भरत लाल ने जलालपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अभियुक्तों ने उसके साथ मारपीट कर तीन लाख रुपये लूट लिए। आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी थी। तहरीर के आधार पर थाना जलालपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिट्ठू बैग और उसमें रखी उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही की वर्दी बरामद की है। मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीम प्रयास कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव