अल्पसंख्यक समाज के हित में है वक्फ संशोधन विधेयक: भूपेन्द्र चौधरी

 


लखनऊ,19 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की ओर से शनिवार को भागीदारी भवन में आयोजित वक्फ संशोधन अधिनियम कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि वक्फ संशोधन अधिनियम-2025 मुस्लिम समुदाय के लिए न्याय और पारदर्शिता सुनिश्चित करेगा,जिससे मुस्लिम समाज को न्याय, अधिकार और सशक्तीकरण का वास्तविक लाभ मिलेगा।

मुस्लिम समुदाय के पिछड़े व तबकों का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए इस विधेयक में प्रावधान किया गया है तथा साथ ही इस संशोधन के बाद वक्फ़ बोर्ड में अनियमितता और भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इससे गरीबों को मिलने वाले लाभ का सत्य लेकर हमें जनसंवाद के लिए लोगों के बीच पहुंचना है। वक्फ कानूनों की आड़ में भ्रष्ट लोगों के द्वारा लोगों की संपत्तियों को अवैध तरीके से कब्जा किया जाता था। इस प्रकार के प्रकरणों की संख्या अदालतों में भी बढ़ती रही है। यह हम सभी के साथ देश के लिए चिन्ता का बड़ा विषय था। वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में नीतिगत अभाव रहा है। महिलाओं की भागीदारी में कमी रही। किसी भी संपत्ति को बिना किसी तार्किक आधार के वक्फ की संपत्ति घोषित कर बड़े स्तर पर कब्जा करने का काम किया गया। वक्फ संशोधन अधिनियम से वक्फ संपत्तियों के लेखा-जोखा एवं निरीक्षण की प्रक्रिया भी प्रारम्भ होगी। वक्फ प्रबंधन में प्रशासनिक अक्षमता तथा केन्द्रीय वक्फ बोर्ड व राज्य वक्फ बोर्डों में पर्याप्त प्रतिनिधित्व ना होने के कारण समाज के कमजोर वर्ग व महिलाओं को इसका लाभ नहीं मिल पाया।

श्री चौधरी ने कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक-2025 कमजोर वर्ग व महिलाओं को आर्थिक व सामाजिक रूप से मजबूत करने में सहायक साबित होगा। यह विधेयक विरासत एवं व्यक्तिगत संपत्तियों के अधिकारों की सुरक्षा करेगा। मुस्लिम महिलाओं की आर्थिक व सामाजिक स्थिति में सुधार होगा। विपक्ष का एजेंडा नकारात्मक प्रचार से लोगों को भ्रमित करने का है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प सबका साथ-सबका विकास व सबका विश्वास है और यही संकल्प केन्द्र सरकार की प्रत्येक योजना व निर्णय में परिलक्षित होता है।

श्री चौधरी ने कहा कि विपक्ष के हर नकारात्मक दुष्प्रचार का जवाब हमें जनता के बीच लेकर पहुंचना है। जन-जागरण के माध्यम से अलग-अलग समूहों के बीच वक्फ संशोधन अधिनियम-2025 से अल्पसंख्यक समाज के हित में होने वाले कार्यों को लेकर सम्पर्क व संवाद स्थापित करना है। भाजपा सबसे बड़ा राजनैतिक दल है और भाजपा के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इस बिल को लेकर घर-घर और जन-जन तक पहुंचेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन