वृंदावन में गोपीनाथ बाजार की दुकान का छज्जा गिरने से राहगीर घायल
मथुरा, 29 जुलाई(हि.स.)। उत्तर प्रदेश की कृषण नगरी वृंदावन में बुधवार को गोपीनाथ बाजार स्थित मिठाई की दुकान का छज्जा गिरने से एक राहगीर घायल हो गया। छज्जा जर्जर होने के कारण बंदरों की गतिविधियों को सहन नहीं कर पाया। गनीमत रही कि उस समय बाजार में भीड़ कम थी, इससे बड़ा हादसा टल गया।
गोपीनाथ बाजार में भारती नामक मिठाई की दुकान के ऊपरी मंजिल का छज्जा बुधवार सुबह आठ बजे गिर गया। दुकान पर नाश्ता और मिठाई लेने वालों की भीड़ थी। इसी दौरान कुछ बंदर छज्जे पर आ गए और लोहे के जाल को हिलाने लगे। लोगों ने बंदरों को भगाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक छज्जे की टाइल्स और पत्थर गिर गए। इस हादसे में गौरानगर निवासी भोला के सिर में चोट आई और वे लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई है। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक ने कहा कि भवन स्वामी को 15 दिन के भीतर मरम्मत कराने का आदेश दिया जाएगा, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार