वृंदावन नाव हादसा : नदी में डूबे युवक का सातवें दिन शव बरामद, रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त
मथुरा, 16 अप्रैल(हि.स.)। वृंदावन में पंजाब के श्रद्धालुओं की नाव यमुना नदी में पलटने के बाद से लापता युवक का शव बरामद कर लिया गया है। यमुना नदी में डूबे सभी लोगों के शव बरामद हो गए हैं। प्रशासन ने एक सप्ताह से चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन अब समाप्त घोषित कर दिया है।
वृंदावन नाव हादसे के बाद से जलालाबाद निवासी पंकज मल्होत्रा की तलाश प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। गुरुवार सुबह पंकज की बॉडी फूलकर पानी की सतह पर आ गई। गोताखोरों और सेना के जवानों ने शव को घटनास्थल से करीब ढाई किलोमीटर दूर देवरहा बाबा घाट और पानीगांव पुल के पास से पंकज का शव बरामद कर लिया। पंकज अपने मौसा-मौसी के साथ मथुरा आए थे, जिनकी इस हादसे में मौत हो चुकी है।
उल्लेखनीय है कि 10 अप्रैल दिन शुक्रवार की दोपहर करीब 3 बजे पंजाब के श्रद्धालुओं की नाव ओवरलोडेड होने की वजह से अचानक असंतुलित होकर यमुना नदी में पलट गई थी। पिछले सात दिन से एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की संयुक्त टीम यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। लगभग 250 लोगों की टीम दिन-रात लापता लोगों को ढूंढने में जुटी थी। गुरुवार शाम एडीएम नमामि गंगे नंद प्रकाश ने बताया कि सभी लापता लोगों के शव मिलने के बाद अब ऑपरेशन को बंद कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार