गौ माता की रक्षा के लिए वोट करें, सड़क-बिजली के लिए नहीं : अविमुक्तेश्वरानंद
जौनपुर, 15 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में गविष्टि यात्रा के तहत शुक्रवार को जौनपुर पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने सिपाह क्षेत्र में गौ माता की रक्षा और उन्हें “राष्ट्र माता” घोषित करने की मांग को लेकर लोगों को संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर से शुरू हुई यह यात्रा उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए 23 जुलाई को फिर गोरखपुर पहुंचेगी, जिसके बाद 24 जुलाई को लखनऊ में 2 लाख 18 हजार लोगों के साथ धरना दिया जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार सरकार बना रही है, लेकिन जनता के दिलों में उसकी प्रतिष्ठा घट रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गौ हत्या और गौ मांस व्यापार को रोकने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि “हिंदू समाज अब मजबूर नहीं है कि गाय काटने वालों का समर्थन करता रहे।”महंगाई और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर उन्होंने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि जब आम जनता से तेल कम इस्तेमाल करने और ‘वर्क फ्रॉम होम’ की अपील की जा रही है, तब प्रधानमंत्री खुद करोड़ों रुपये खर्च कर विमानों और बड़े काफिलों के साथ यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि “अगर देशहित में बचत जरूरी है तो नेता खुद उदाहरण क्यों नहीं पेश करते?”
मीडिया पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मीडिया सरकार की “छवि चमकाने” का काम कर रहा है और जनता तक सच्चाई नहीं पहुंचा रहा। उन्होंने कहा कि “अब जनता समझ चुकी है कि गौ रक्षा के नाम पर राजनीति की गई है।”2027 के चुनाव को लेकर उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सड़क, बिजली और पानी के बजाय गौ माता की रक्षा के मुद्दे पर वोट करें। उन्होंने कहा कि जो भी दल ईमानदारी से गौ हत्या रोकने और गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की बात करेगा, वही उनका समर्थन पाएगा।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि “09 साल से भगवा वस्त्र पहनने के बावजूद उन्होंने गौ रक्षा के लिए क्या किया, जनता सब देख रही है।” उन्होंने कहा कि यह राजनीति नहीं बल्कि धर्म और भारतीय संस्कृति की रक्षा का आंदोलन है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव