अयोध्या मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पढ़ा सामूहिक हनुमान चालीसा

 

—दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

वाराणसी, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अयोध्या धाम स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में हुई कथित अनियमितता मामले में सियासत भी उबाल मार रही है। मंगलवार शाम कांग्रेस के महानगर वाराणसी इकाई के कार्यकर्ताओं ने मैदागिन हरिश्चंद्र महाविद्यालय के सामने श्री हनुमान जी मंदिर परिसर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

हनुमान चालीसा पाठ के बाद कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि प्रभु श्रीराम के नाम पर देशभर के करोड़ों श्रद्धालु अपनी आस्था एवं विश्वास के साथ चढ़ावा अर्पित करते हैं। यदि उस चढ़ावे में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा भ्रष्टाचार हुआ है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जानी चाहिए। आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि आज द्वितीय चरण का सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि सत्य, धर्म और जन आस्था की रक्षा के संकल्प के साथ किया गया।

भगवान हनुमान के समक्ष हमने प्रार्थना की है कि देश और प्रदेश का नेतृत्व करने वालों को सत्य के मार्ग पर चलने की सद्बुद्धि प्राप्त हो। प्रभु श्रीराम मर्यादा, न्याय और सत्य के प्रतीक हैं। उनके नाम पर करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। यदि राम मंदिर के चढ़ावे में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या अनियमितता हुई है, तो दोषियों को किसी भी कीमत पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। पाठ में ब्लॉक अध्यक्ष काल भैरव आनंद चौबे, महानगर कांग्रेस कमेटी के सचिव अनिल पटेल, सचिव अनिल केशरी तथा महानगर उपाध्यक्ष एवं प्रभारी दक्षिणी विधानसभा डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, मनीष मोरोलिया, संतोष चौरसिया, नरसिंह दास वर्मा, हसन मेहदी कब्बन आदि शामिल रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी