सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल में कार्य पुस्तिकाओं का वितरण, बीएचयू कुलपति ने उत्कृष्टता पुरस्कार दिया
वाराणसी, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी कमच्छा गुरूबाग स्थित सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल परिसर में मंगलवार को कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों के बीच कार्य पुस्तिकाओं का वितरण किया गया। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा अनुमोदित एवं प्राथमिक कक्षाओं के लिए निर्धारित कार्य पुस्तिकाओं का वितरण काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2024-25 में एवं 'पाठ्य सहगामी क्रियाएं 2025-26' में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कुलपति प्रो.चतुर्वेदी, स्कूल बोर्ड उपाध्यक्ष प्रो.नंदिता घोषाल व बीएचयू कुलसचिव राजन श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से उत्कृष्टता पुरस्कार भी प्रदान किया। कार्यक्रम में ही सीबीएसई क्लस्टर के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली छात्राओं सरिता गोंड (कक्षा 11) को रजत पदक, पूर्णिमा गोंड (कक्षा 10) को ताइक्वांडो में कांस्य पदक,अनुष्का केसरी (कक्षा 7) को तीन रजत एवं कांस्य पदक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कुलपति प्रो.चर्तुवेदी ने विद्यार्थियों को कार्य पुस्तिकाओं के समुचित उपयोग की बात बताई। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थियों को भावी जीवन में और सफलता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। स्कूल बोर्ड उपाध्यक्ष प्रोफेसर नंदिता घोषाल ने भी छात्र-छात्राओं को उनकी उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दी। और जीवन में निरंतर सफलता प्राप्त करने के लिए अथक परिश्रम और समर्पण को बेहद महत्वपूर्ण बताया। कुलसचिव राजन श्रीवास्तव ने भी शिक्षार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की। इसके पहले कार्यक्रम का शुभारंभ परंपरागत रूप से दीप प्रज्जवलन और बीएचयू के कुलगीत से किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य एवं शिक्षाशास्त्र विभाग की वरिष्ठ प्रो.मधु कुशवाहा ने अतिथियों का स्वागत करने के बाद कार्य पुस्तिकाओं की प्रासंगिकता एवं उपयोगिता को बताया।
कार्यक्रम का संचालन अंशुला सक्सेना व धन्यवाद ज्ञापन शालिनी मेहरोत्रा ने किया। कार्यक्रम में विज्ञान संस्थान के प्रोफेसोर श्रीकृष्णा, शिक्षाशास्त्र विभाग की प्रो. सुनीता सिंह, सेंट्रल हिंदू ब्वॉयज स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. स्वाति अग्रवाल,गर्ल्स स्कूल के उप-प्रधानाचार्य डॉ सिद्धार्थ चौधरी भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी