भोजपुरी अभिनेता रितेश पांडेय से 10 लाख की रंगदारी मांगी, जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज
वाराणसी,20 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में भोजपुरी फिल्मों के गायक-अभिनेता रितेश पांडेय से फोन पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। अभिनेता और उनके परिजनों की तहरीर पर सारनाथ पुलिस ने एक नामजद आरोपित समेत एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से सारनाथ थाना क्षेत्र के तिलमापुर निवासी रितेश पांडेय के मोबाइल फोन पर शुक्रवार को एक व्यक्ति ने फोन किया। फोन करने वाले ने अपना नाम बुलबुल यादव बताते हुए 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रुपये नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। घटना के बाद रितेश पांडेय ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर सारनाथ पुलिस ने शनिवार देर शाम बुलबुल यादव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रंगदारी मांगने और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
सारनाथ पुलिस का कहना है कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। रितेश पांडेय को धमकी देने के आरोप में सामने आए व्यक्ति पर इससे पहले भी क्षेत्र के एक होटल संचालक को धमकाने का आरोप है। पुलिस अब इस मामले के पुराने घटनाक्रम और आरोपी के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। बताते चले भोजपुरी सिनेमा के गायक और अभिनेता रितेश पांडेय अपने सुपरहिट गानों जैसे 'हैलो कौन' और 'पियवा से पहिले हमार रहलू' के लिए जाने जाते हैं। अभिनेता वर्ष 2025 में जन सुराज पार्टी के टिकट पर बिहार विधानसभा चुनाव (करगहर सीट) से चुनाव भी लड़ चुके है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी