समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा विहिप, कानपुर प्रान्त में बनाएगा 10 लाख हितचिंतक : गजेंद्र
कानपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसे राष्ट्र और धर्म के कार्यों से जोड़ना तथा हिंदू समाज को संगठित और सशक्त बनाना विहिप का मुख्य ध्येय है। हितचिंतक अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाई जाएगी। यह बातें रविवार को गोविंद नगर स्थित श्रीमुनि हिंदू इंटर कॉलेज में आयोजित विश्व हिंदू परिषद की कानपुर प्रान्त बैठक में क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र ने कहीं।
बैठक में संगठन विस्तार की आगामी रूपरेखा तय करते हुए कानपुर प्रान्त में 10 लाख हितचिंतक बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। गजेंद्र ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र एवं धर्म के कार्यों से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हितचिंतक अभियान के माध्यम से हिंदू समाज को संगठित और सशक्त बनाने के लिए कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें।
प्रान्त अध्यक्ष राजीव महाना और प्रान्त कार्याध्यक्ष डॉ. उमेश पालीवाल ने अभियान की सफलता के लिए सभी जिलों और प्रखंडों के कार्यकर्ताओं से पूर्ण समर्पण के साथ जुटने की अपील की। प्रान्त मंत्री राजू पोरवाल ने बैठक का संचालन करते हुए आगामी कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत किया।
बैठक में सह मंत्री अभिनव दीक्षित, सह मंत्री अवधेश भदौरिया, मातृशक्ति प्रान्त संयोजिका डॉ. सीमा जादौन, दुर्गावाहिनी प्रान्त संयोजिका अवनी और बजरंग दल प्रान्त संयोजक आचार्य अजीतराज सहित कानपुर प्रान्त के विभिन्न विभागों और जिलों से आए प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए। इनके अलावा मातृशक्ति, दुर्गावाहिनी और बजरंग दल के कार्यकर्ता, भगिनी एवं बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में सभी ने एक स्वर में निर्धारित 10 लाख हितचिंतक बनाने के लक्ष्य को तय समयसीमा में पूरा करने का संकल्प लिया। संगठन विस्तार और अभियान की सफलता के लिए सभी जिलों एवं प्रखंडों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप