विश्व हिंदू परिषद ने फूंका पप्पू यादव का पुतला
नोएडा, 05 अगस्त (हि.स.)। संसद भवन परिसर में सांसद पप्पू यादव द्वारा सनातन संस्कृति, साधु-संतों और पुजारियों के कथित अपमानजनक नाट्य प्रदर्शन के विरोध में बुधवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) नोएडा महानगर ने सेक्टर-22 स्थित चौड़ा मोड़ पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सांसद पप्पू यादव का पुतला फूंककर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान चौड़ा मोड़ 'जय श्रीराम' के नारों से गूंज उठा। विहिप के अनुसार, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग, मातृशक्ति तथा साधु-संत शामिल हुए।
संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि संसद जैसी गरिमामयी संस्था में धार्मिक प्रतीकों और संतों का स्वांग रचकर उनका उपहास उड़ाना करोड़ों सनातनियों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है। विहिप के जिला पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र के मंदिर माने जाने वाले संसद परिसर में भगवा वस्त्र पहनकर धार्मिक प्रतीकों का मजाक उड़ाना सामान्य घटना नहीं है, बल्कि यह संत समाज की गरिमा और सनातन संस्कृति पर सीधा आघात है। उन्होंने इस प्रकार की घटनाओं की निंदा करते हुए कहा कि ऐसे कृत्यों को हिंदू समाज स्वीकार नहीं करेगा।
जिलाध्यक्ष अनिल चतुर्वेदी ने कहा कि हिंदू विरोधी मानसिकता रखने वाले लोग देश की संस्कृति और संत समाज का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद धर्म विरोधी गतिविधियों का लगातार विरोध करती रहेगी और भविष्य में भी ऐसे मामलों में आवाज उठाती रहेगी। बजरंग दल के नेतृत्व एवं नोएडा महानगर संयोजक विनोद चौहान के संयोजन में आयोजित इस प्रदर्शन में सेक्टर-147 स्थित गौशाला के संरक्षक राममंगलदास महाराज, जिलाध्यक्ष अनिल चतुर्वेदी, जिला मंत्री दिनेश महावर, संयोजक विनोद चौहान, सह मंत्री राजीव शर्मा, सह-संयोजक विनोद सिंह, नितेश शर्मा, प्रवीण, धर्म प्रसार प्रमुख नरेंद्र शर्मा तथा जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख नितिन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी