विनोद तावड़े पहुँचे लखनऊ,यूूपी में टीम गठन व मंत्रिमण्डल विस्तार को लेकर मंथन जारी
लखनऊ,12 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े रविवार को लखनऊ पहुँचे। भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुँचने पर केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज व प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला व संजय राय ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके बाद विनोद तावड़े ने प्रदेश कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी,प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी के साथ बैठक की। कुछ नेताओं के साथ उन्होंने अलग—अलग भी बैठकें की है।
विनोद तावड़े ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही से मुलाकात की। इसके बाद महिला नेताओं में कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, राज्यमंत्री रजनी तिवारी और महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान से भी बात की।
पार्टी नेता विनोद तावड़े के लखनऊ दौरे का उत्तर प्रदेश में मंत्रिमण्डल विस्तार और भाजपा की नई टीम गठन से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं शनिवार को भी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट हुई थी। तावड़े सोमवार को भी लखनऊ में ही रहेंगे व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से भेंट करेंगे। इसके बाद आलाकमान को रिपोर्ट सौंपेंगे। इसके बाद मंत्रिमण्डल विस्तार व संगठनात्मक बदलाव होंगे। अब कयास लगाये जा रहे हैं कि उत्तर प्रदेश में जल्द ही मंत्रिमण्डल का विस्तार होगा। मंत्रिमण्डल विस्तार में कुछ नए चेहरों को जगह मिलेगी। वहीं प्रदेश व क्षेत्र कार्यकारिणी का गठन जल्द होगा।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर हम सभी काम करते हैं। पार्टी में संगठनात्मक प्रक्रिया चलती रहती,उसी के तहत बैठक हो रही है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं की जन-जन तक पैठ बनाने के लिए हम काम कर रहे हैं। योगी के नेतृत्व में यूपी के लॉ एंड ऑर्डर की घर-घर सराहना हो रही है। 2027 में हम प्रचंड बहुमत से फिर से सरकार बनाएंगे। महिला आरक्षण के मुद्दे पर कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लुका-छिपी का खेल क्यों खेल रहे हैं?उन्हें ऐसा महसूस होता है कि जैसे वसीयत के आधार पर प्रॉपर्टी ट्रांसफर होती है, वैसे ही सत्ता भी ट्रांसफर हो जाती है। लेकिन, ऐसा नहीं है। जनता जिसे आशीर्वाद देती है, वही प्रदेश को चलाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन