देवरिया : सादे कपड़ों में वाराणसी पुलिस ने युवक काे पकड़ा,अपहरण की आशंका पर भीड़ ने घेरा

 


देवरिया, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में मईल थाना क्षेत्र अंतर्गत भागलपुर के मईल चौराहे पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सादे कपड़ों में पहुंचे पुलिसकर्मी एक युवक को पकड़कर बोलेरो वाहन में बैठाने लगे। अचानक हुई इस कार्रवाई को देखकर स्थानीय लोगों को अपहरण की आशंका हुई और उन्होंने बोलेरो को घेर लिया। कुछ देर के लिए चौराहे पर तनावपूर्ण माहौल बन गया और लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बोलेरो से पहुंचे कुछ लोगों ने चौराहे पर खड़े एक युवक को पकड़कर वाहन में बैठाने का प्रयास किया। चूंकि सभी सादे कपड़ों में थे और उन्होंने शुरुआत में अपनी पहचान स्पष्ट नहीं की, इसलिए आसपास मौजूद लोगों को संदेह हुआ कि युवक का अपहरण किया जा रहा है। इसके बाद ग्रामीणों ने वाहन को घेर लिया और युवक काे पकड़े जाने का विरोध शुरू कर दिया। बोलेरो में मौजूद लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए युवक के खिलाफ दर्ज मुकदमे की जानकारी देने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण उनकी बात मानने को तैयार नहीं हुए। इसी बीच किसी ने घटना की सूचना मईल थाना पुलिस को दे दी।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास नाथ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। जांच में पता चला कि बोलेरो सवार पुलिसकर्मी वाराणसी जिले के चौबेपुर थाने से आए थे। जिस युवक को हिरासत में लिया जा रहा था, उसके खिलाफ चौबेपुर थाने में दुष्कर्म और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। उसी मामले में गिरफ्तारी के लिए वाराणसी पुलिस देवरिया पहुंची थी।

मईल थाना पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां आवश्यक पूछताछ के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई। स्थानीय पुलिस ने पुष्टि की कि वाराणसी पुलिस विधिक प्रक्रिया के तहत आरोपित युवक की गिरफ्तारी के लिए आई थी। घटना के कारण कुछ समय तक चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि ऐसी परिस्थितियों में अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी संदेह की स्थिति में स्थानीय पुलिस से जानकारी प्राप्त करें।

थानाध्यक्ष विकास नाथ ने बताया कि एक आराेपित काे वाराणसी पुलिस पकड़ने आई थी। पूछताछ के बाद स्थिति साफ हाेने पर युवक काे वाराणासी पुलिस अपने साथ ले जाने के लिए कार्यवाही कर रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक