शराब ठेका हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का फूटा आक्रोश
महिलाओं-बच्चों से अभद्रता का आरोप
हमीरपुर, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मौदहा तहसील क्षेत्र के करहिया गांव में संचालित शराब ठेके को हटाने की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि ठेके पर आने-जाने वाले शराबियों के कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है। वहीं महिलाओं व बच्चों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि शराब ठेका आबादी के निकट संचालित होने से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। नशे में धुत लोग महिलाओं और बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। जिससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। गांव की महिलाओं ने बताया कि घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है और बच्चों की पढ़ाई व दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया और तहसीलदार शेखर मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि जनहित और कानून-व्यवस्था को देखते हुए गांव से शराब ठेका तत्काल हटाया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे। तहसीलदार शेखर मिश्रा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायत को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा