विश्व पर्यावरण दिवस पर महसी में पेड़ काटे जाने से ग्रामीणों में नाराजगी, कार्रवाई की मांग

 


बहराइच, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जहां भाजपा सरकार एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। तमाम वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पौधे रोपे जा रहे हैं,वहीं जनपद बहराइच से हैरान कर देने का मामला प्रकाश में आया है। जिले के महसी क्षेत्र के तिवारीपुरवा में एक बाग में लगे पीपल का वृक्ष काटे जाने की सूचना से वन विभाग में हलचल पैदा कर दिया है, हालांकि सूचना मिलते ही वन विभाग ने इसकी जांच कराकर कार्रवाई करने की बात कही है।

ग्रामीणों के अनुसार तिवारीपुरवा बाग में स्थित पीपल के पेड़ को काट दिया गया। घटना के बाद से इलाके में पेड़ काटने की चर्चा गरम है। लोगों का कहना है कि पीपल का वृक्ष आध्यात्मिक व पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है,जिससे इसे काटे जाने पर ग्रामीणों ने चिन्ता व्यक्त की है।

प्रभागीय वनाधिकारी वन प्रभाग सुन्दरेशा ने बताया कि पीपल का वृक्ष काटे जाने की सूचना मिली है। जांच के लिए वन टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। रिपोर्ट मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

घटना की सूचना पर स्थानीय ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने पेड़ काटे जाने की परिस्थितियों पर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिये। अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

वहीं क्षेत्रीय ठेकेदार दिनेश बाजपेयी ने बताया कि पेड़ से सम्बन्धित आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, सम्बन्धित अभिलेख विभाग को उपलब्ध करा दिया गया है। हालांकि उन्होंने रसीद मिलने से इनकार कर दिया है। फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA