विद्या मंदिर गर्ल्स हाई स्कूल नरही के भवन को खाली कराने का आदेश स्थगित, अब नहीं बाधित होगी छात्राओं की पढ़ाई
लखनऊ, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विद्या मंदिर गर्ल्स हाई स्कूल नरही के भवन को खाली कराने संबंधी आदेश को स्थगित कर दिया गया है। सोमवार को एडीएम (नगर पूर्वी) ने जिला विद्यालय निरीक्षक लखनऊ के आवेदन पर विद्या मंदिर गर्ल्स हाई स्कूल के प्रबंधन को विद्यालय का कब्जा दिलाने का आदेश दिया है। अब छात्राएं नए सत्र में अपने इसी विद्यालय भवन में पढ़ाई कर सकेंगी।
साेमवार काे संयुक्त शिक्षा निदेशक षष्ठ मंडल, लखनऊ डा. प्रदीप कुमार से एडीएम (नगर पूर्वी) के विद्यालय प्रबंधन को कब्जा दिलाने के आदेश जारी किए जाने की सूचना मिलने पर माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के प्रादेशिक उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता डॉ. आर पी मिश्र, महामंत्री नरेंद्र कुमार वर्मा, जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा, जिलामंत्री महेश चंद्र एवं प्राचार्य शिक्षक समन्वय समिति के संयोजक अनिल कुमार वर्मा तत्काल विद्या मंदिर गर्ल्स हाई स्कूल नरही पहुंचे।
विद्यालय प्रबंधिका संतोष रस्तोगी एसीपी आदि पुलिस अधिकारियों को सूचना देने के पश्चात विद्यालय पहुंची और जब हजरतगंज थाने की पुलिस से विद्यालय का कब्जा कराने के लिए ताला खुलवाने का अनुरोध किया गया तो पुलिस अफसरों ने विद्यालय की प्रबंधक से पहले फोर्स के लिए नियमानुसार निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद ही ताला खुलने की बात कही। शुल्क जमा करने के सवाल पर शिक्षक नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बातचीत हुई। शिक्षक नेताओं ने विद्यालय की प्रबंधक संतोष रस्तोगी एवं पुलिस वालों से कहा कि जब लखनऊ इंटर कॉलेज का ताला खुलवाने के लिए एसीएम के आदेश हो गए थे तो किसी प्रकार के पैसे जमा करने की आवश्यकता नहीं पड़ी थी तथा विद्यालय का ताला पुलिस ने ही खुलवाया था। इस घटनाक्रम के बीच विद्यालय की प्रबंधक संतोष रस्तोगी जिला विद्यालय निरीक्षक से मिलने उनके कार्यालय चली गई।
प्रादेशिक उपाध्यक्ष डॉ. आर.पी मिश्र ने इस प्रकरण पर दुख जताते हुए कहा कि एक शासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय के भवन को इस तरह से खाली कराने से छात्राओं की पढाई बाधित हाेती लेकिन अब आदेश स्थगित हाेने से छात्राएं पढ़ सकेंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में विद्यालय प्रशासन की लापरवाही भी रही है क्योंकि जब विद्यालय खाली कराने के एडीएम के आदेश हो गए थे और विद्यालय प्रबंधन का रिकाल आदेश रिजेक्ट हो गया था तो विद्यालय प्रबंधन द्वारा प्रभावी कार्यवाही न करना अत्यंत खेद जनक है।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को एडीएम प्रशासन के आदेश पर पुलिस के साथ पहुंचे कुछ लोगों ने नरही में विद्या मंदिर गर्ल्स हाई स्कूल के भवन को खाली कराया था। इस घटनाक्रम में सभी शिक्षक, छात्राएं व सामाजिक संगठन आक्राेशित थे। सभी ने पुलिस की मौजूदगी में भी स्कूल को खाली कराने की कार्रवाई का विरोध किया गया और तब से लगातार चल रहा बच्चियों, उनके अभिभावकों और शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ स्कूल प्रबंधन, शिक्षक संगठन विरोध कर रहे थे। जिला प्रशासन ने सोमवार को बालिका स्कूल खाली कराने का आदेश वापस ले लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह