विधान परिषद में गूंजा कोसी नदी के किनारे कच्चा बांध बनाने का मुद्दा
मुरादाबाद, 19 फरवरी (हि.स.)। मुरादाबाद निवासी व विधान परिषद सदस्य डॉ जयपाल सिंह व्यस्त ने गुरुवार को विधान परिषद में कोसी नदी से बाढ़ के बचाव हेतु नदी के किनारे पर कच्चे बाँध का निर्माण किए जाने का मुद्दा उठाया।
एमएलसी डॉ जयपाल सिंह व्यस्त ने विधान परिषद में कहा कि जनपद मुरादाबाद न्याय पंचायत जैतपुर विसाहट के ग्राम गनेशघाट जैतपुर विसाहट, भीरतखेड़ा, हिरतखेड़ा रनियार, गढ़ीखेड़ा चक कोहनकू लालपुर तीतरी, जगरमपुरा, अहरोला, चन्दनपुर भच्चानगला, दुपेड़ा मझेरा, हुपेड़ा आदि कोसी नदी के आस-पास स्थित है। कोसी नदी की बाढ़ के समय किसानों की काफी खेती तबाह होती है और किसानों को फसलों का मुआवजा देना पड़ता है। उक्त कोसी नदी से बाढ़ के बचाव हेतु नदी के किनारे पर कच्चे बाँध का निर्माण हो जाता है, तो किसानों की फसलों को बचाया जा सकता है और सरकार के राजस्व की भी हानि नही होगी। उक्त कोसी नदी के किनारे पर कच्चे बाँध का निर्माण कराया जाना जनहित में आवश्यक है। उक्त कोसी नदी के किनारे पर कच्चे बाँध के निर्माण न होने के कारण वहाँ के किसानों में काफी रोष एवं आक्रोश व्याप्त है।
एमएलसी ने अंत में कहा कि अतः इस लोक महत्व के सुनिश्चित विषय पर सदन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जनपद मुरादाबाद न्याय पंचायत जैतपुर विसाहट में मूण्ढ़ॉपाण्डे के गनेशघाट से भच्चा नगला तक कोसी नदी पर कच्चे बॉध का निर्माण कराकर सदन में वक्तव्य दिलाये जाने की मॉग करता हूं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल