अवैध तरीके से लगे ठेले का वीडियो बनाना रोडवेज के एक चालक को पड़ा भारी, मिली धमकी

 


मुरादाबाद, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना कटघर क्षेत्र स्थित पीतलनगरी बस अड्डे के यात्री शेड में अवैध तरीके से लगे ठेले का वीडियो बनाना रोडवेज के एक चालक को भारी पड़ गया। चालक का आरोप है कि वीडियो बनाने के दौरान ठेले पर काम करने वाले व्यक्ति ने उसे गोली मारने की धमकी दी। दूसरे व्यक्ति को बुलाकर मोबाइल में बनाई गई वीडियो भी दिखाई गई। मामले में चालक ने एआरएम को पत्र भेजकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पीतल नगरी डिपो के चालक बलवंत सिंह का कहना है कि 20 अक्टूबर को उनकी ड्यूटी पूछताछ केंद्र पर थी। रात करीब साढ़े आठ बजे स्टेशन प्रभारी ने फोन कर यात्री शेड में लगे ठेलों के वीडियो बनाकर भेजने के निर्देश दिए। वह वीडियो बनाने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान ठेले पर काम करने वाले एक व्यक्ति ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी और फोन करके दूसरे व्यक्ति को बुला लिया। दोनों ने उनसे मोबाइल फोन दिखाने को कहा। वीडियो देखने के बाद चेतावनी दी कि आगे से वीडियो न बनाएं, स्टेशन इंचार्ज चंद्रभान ही वीडियो बनाएंगे। चालक ने पत्र में अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका जताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एआरएम प्रेम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि होने पर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल