रामलीला मंच पर कथित अशोभनीय डांस का वीडियो वायरल, हिंदू उत्थान समिति ने कार्रवाई की उठाई मांग
उरई, 04 जुलाई (हि.स.)। जालौन कोतवाली क्षेत्र के हरक्का गांव में आयोजित रामलीला के समापन कार्यक्रम के दौरान धार्मिक मंच पर कथित रूप से फिल्मी और डीजे गानों पर अशोभनीय डांस कराए जाने का मामला सामने आया है। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है और धार्मिक आयोजन की मर्यादा एवं परंपराओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में बताया जा रहा है कि समापन समारोह में बार बालाओं द्वारा फिल्मी और डीजे गीतों पर प्रस्तुति दी गई, जिसे लेकर लोगों ने आपत्ति जताई। वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू उत्थान समिति ने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। हिंदू उत्थान समिति के महामंत्री कन्हैया पंडित ने प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली जालौन को शिकायती पत्र सौंपकर वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि धार्मिक मंच पर इस प्रकार की प्रस्तुति धार्मिक मर्यादाओं के विपरीत है और इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। समिति ने आयोजकों एवं इस मामले के जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि भविष्य में धार्मिक आयोजनों में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जानी चाहिए। थाना प्रभारी ने शनिवार काे बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा