विश्व हिन्दू रक्षा परिषद ने 06 दिसंबर को मथुरा में शौर्य दिवस मनाने का किया ऐलान
लखनऊ, 04 अक्टूबर (हि.स.)। लखनऊ में रविवार को संपन्न धर्म संसद में विश्व हिन्दू रक्षा परिषद ने 06 दिसंबर को मथुरा में शौर्य दिवस मनाने का ऐलान किया है। धर्म संसद की बैठक में कुल 12 प्रस्ताव पास किये गये जिसमें मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बनाने का प्रस्ताव भी शामिल है।
विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अध्यक्ष गोपाल राय ने बताया कि धर्म संसद में ये तय हुआ है कि 05 नवंबर से 05 दिसंबर तक विश्व हिन्दू रक्षा परिषद पूरे देश भर में अभियान चलाकर मंदिर निर्माण के लिए लोगों को मथुरा पहुँचने का आह्वाहन करेगा। 06 दिसंबर को विश्व हिंदू रक्षा परिषद के लाखों सनातन सेना के लोग मथुरा पहुंचेंगे और मंदिर परिसर में ही शौर्य दिवस मनाएंगे और बाबर की निशानी को उसी दिन हटाएंगे।
विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने तीसरे प्रस्ताव में यह कहा है कि जब तक मथुरा में कृष्ण भगवान का भव्य मंदिर नहीं बनता तब तक वहां पर मौजूद बाबर द्वारा मंदिर के अंदर जबरदस्ती बनाई गई मस्जिद में नमाज ना पढ़ी जाए क्योंकि वह पवित्र मंदिर है।
इसके अलावा धर्मांतरण को रोकने के लिए एंटी धर्मांतरण कॉल सेंटर बनाने,लव जिहाद को रोकने के लिए एंटी रोमियो एस्कॉर्ट का गठन को लेकर भी प्रस्ताव रखा गया।
इसी तरह मथुरा-वृंदावन सहित समूचे ब्रज क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण करने व मंदिरों के आसपास मांस-मदिरा की दुकानों को बंद कराने को लेकर आंदोलन करने की घोषणा भी परिषद ने की है।
इसके अलावा युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए सनातन युवा सेवा अभियान चलाने,नवरात्र के मौके पर दुर्गा शक्ति स्वरूपा अभियान शुरू करने का प्रस्ताव पास हुआ है। वहीं यूनिफार्म सिविल कोड के समर्थन में विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने घर—घर दस्तक और हस्ताक्षर अभियान चलाने की बात कही है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन