नशाखोरी युवाओं के भविष्य के साथ-साथ परिवार के लिए भी गंभीर चुनौती: अशोक तिवारी

 


लखनऊ, 13 सितंबर (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) अवध प्रान्त की मार्गदर्शक मण्डल की बैठक रविवार को शांति उपवन लखनऊ में संपन्न हुई। बैठक में विहिप के केंद्रीय मंत्री एवं प्रवक्ता अशोक तिवारी ने युवाओं में बढ़ती नशाखोरी तथा जनसंख्या संबंधी बदलते सामाजिक परिदृश्य को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए समाज में व्यापक जागरूकता की आवश्यकता पर जोर दिया है।

अशोक तिवारी ने कहा कि नशाखोरी युवाओं के भविष्य के साथ-साथ परिवार और समाज के लिए भी गंभीर चुनौती बनती जा रही है। युवाओं को नशे से दूर रखने तथा उन्हें स्वस्थ और सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाने की आवश्यकता है।

विहिप की युवा शाखा बजरंग दल तथा दुर्गा वाहिनी के माध्यम से नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता से जुड़े अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और उन्हें राष्ट्र एवं समाज के प्रति सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है।

जनसंख्या के मुद्दे पर भी अशोक तिवारी ने हिन्दू समाज की घटती जन्मदर और बदलते जनसांख्यिकीय स्वरूप को लेकर चिंता व्यक्त की है। उनका जोर समाज में जनसंख्या से जुड़े विषयों पर जागरूकता बढ़ाने तथा परिवारों और युवाओं के बीच इस विषय पर गंभीर संवाद स्थापित करने पर जोर दिया।

उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक जड़ों, नैतिक मूल्यों और भारतीय परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया है। उनका मानना है कि युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है।

मार्गदर्शकमण्डल की बैठक में नशा मुक्त समाज, सांस्कृतिक जागरूकता और जनसंख्या संबंधी विषयों पर सामाजिक संवाद को प्रमुखता दी गई है। बैठक में बावन मंदिर अयोध्या के महंत वैदेही वल्लभ शरण महाराज,

विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत मंत्री देवेंद्र, हरिशंकर,क्षेत्रीय धर्माचार्य संपर्क प्रमुख जितेंद्र, प्रांत धर्माचार्य संपर्क प्रमुख विमलानंद, सह धर्माचार्य संपर्क प्रमुख दिनेश सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन