मुरादाबाद जिला अस्पताल में हाई डिपेंडेंसी यूनिट में लगेंगे वेंटिलेटर, गंभीर राेगियाें काे मिलेगा इलाज
मुरादाबाद, 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला संयुक्त चिकित्सालय (जिला अस्पताल) में बच्चों के गंभीर रोगों के इलाज की सुविधा अब और मजबूत होने जा रही है। चिल्ड्रन वार्ड के पास स्थापित हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) में जल्द ही वेंटिलेटर लगाए जाएंगे। इसके बाद अस्पताल में गंभीर रूप से बीमार बच्चों को आईसीयू स्तर का उपचार मिल सकेगा। अभी तक हालत बिगड़ने पर बच्चों को मेडिकल कॉलेज या बड़े अस्पतालों के लिए रेफर करना पड़ता था।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, एचडीयू में वेंटिलेटर लगने से निमोनिया, तीव्र श्वसन संक्रमण, सेप्सिस, दिमागी बुखार, जन्मजात सांस संबंधी समस्याओं और ऑक्सीजन की गंभीर कमी से जूझ रहे बच्चों का उपचार जिला अस्पताल में ही संभव हो सकेगा। वेंटिलेटर मरीज के फेफड़ों तक नियंत्रित मात्रा में ऑक्सीजन पहुंचाता है और सांस लेने में सहायता करता है। इससे शरीर के महत्वपूर्ण अंगों तक पर्याप्त ऑक्सीजन पहुंचती रहती है। मरीज की जान बचाने की संभावना बढ़ जाती है।
तकनीकी रूप से वेंटिलेटर सिस्टम मल्टीपैरामीटर मॉनिटर से जुड़ा होगा, जिससे बच्चों की हृदय गति, ब्लड प्रेशर, ऑक्सीजन सैचुरेशन, श्वसन दर और शरीर की अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा सकेगी। गंभीर मरीजों में अचानक स्थिति बिगड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय हस्तक्षेप संभव होगा। वेंटिलेटर संचालन के लिए डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। टीएमयू मेडिकल कॉलेज की मदद से जिला अस्पताल के डीएनबी विद्यार्थियों और स्टाफ को क्रिटिकल केयर मैनेजमेंट सिखाया जा रहा है। इसमें एयरवे मैनेजमेंट, ऑक्सीजन थेरेपी, इमरजेंसी रिस्पांस और संक्रमण नियंत्रण जैसी तकनीकी प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण शामिल है।
जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. प्रदीप वाषर्णेय ने बताया कि प्रदेश स्तर से प्रशिक्षण लेकर लौटी टीम अब अस्पताल के अन्य स्टाफ को प्रशिक्षित करेगी। उद्देश्य यह है कि भविष्य में अस्पताल के अन्य वार्डों में भी जरूरत पड़ने पर वेंटिलेटरों का सुरक्षित संचालन किया जा सके।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल