औरैया के मौहारी में गूंजे वैदिक मंत्र, नौ कुंडी गायत्री महायज्ञ में बालकों का हुआ उपनयन संस्कार
औरैया, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल क्षेत्र के ग्राम मौहारी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पांचवें दिन रविवार को धार्मिक आस्था और वैदिक परंपराओं का भव्य संगम देखने को मिला। नौ कुंडी गायत्री महायज्ञ के दौरान गायत्री परिवार के आचार्यों ने चार बालकों का वैदिक विधि-विधान के साथ उपनयन संस्कार सम्पन्न कर उन्हें दीक्षा प्रदान की।
महायज्ञ में 51 दंपतियों ने सामूहिक रूप से हवन में आहूतियां देकर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, भजन एवं धार्मिक अनुष्ठानों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। यह जानकारी सर्वेश शुक्ल की ओर से दी गई।
कार्यक्रम के दौरान धीरज मिश्रा, नगेन्द्र त्रिपाठी, नगेन्द्र सिंह, रामवीर, शिववीर, पिंटू, ब्रजऋषि, विनीत, गिरीश, प्रमोद, मनोज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार