सेवा, समर्पण और उत्कृष्टता के 29 वर्षों की गौरवशाली यात्रा ‘वात्सल्य हास्पिटल’
प्रयागराज, 01 मई (हि.स)। शहर के प्रतिष्ठित वात्सल्य हॉस्पिटल ने अपने सफल 29 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर संस्थान की निदेशक डॉ. कीर्तिका अग्रवाल एवं निदेशक डॉ. नीरज अग्रवाल ने अपने सम्बोधन में बताया कि “वात्सल्य हॉस्पिटल ने पिछले 29 वर्षों में चिकित्सा सेवा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों को भी प्राथमिकता दी है। इसी समर्पण के परिणामस्वरूप संस्थान को अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया है।”
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि महिला सशक्तिकरण एवं बाल सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए संस्थान को कई पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। वर्ष 2025 में प्रतिष्ठित ‘ग्लोबल लीडरशिप अवार्ड’ से सम्मानित किया गया, वहीं वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से भी नवाजा गया। इसके अतिरिक्त भी संस्थान को विभिन्न राष्ट्रीय एवं सामाजिक मंचों पर कई महत्वपूर्ण सम्मान प्राप्त हुए हैं।
समारोह के दौरान अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविरों के माध्यम से समाज सेवा के कार्यों को भी साझा किया गया।
इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। तत्पश्चात अस्पताल प्रबंधन द्वारा 29 वर्षों की उपलब्धियों, उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं एवं समाज के प्रति समर्पण को प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने वात्सल्य हॉस्पिटल की सेवाओं की सराहना करते हुए इसे चिकित्सा क्षेत्र में एक विश्वसनीय एवं अग्रणी संस्थान बताया तथा इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंत में अस्पताल प्रबंधन ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “आपका भरोसा ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।” इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों, गणमान्य अतिथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शहरवासियों की उपस्थिति रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र