वैट के पुराने बकायों पर ब्याज में 100 प्रतिशत तक छूट मिलेगी, व्यापारी योजना का लाभ उठाएं : जिलाधिकारी

 


कानपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। वैट के पुराने बकायों का निस्तारण करने के लिए व्यापारियों को ब्याज माफी योजना 2026 का लाभ उठाना चाहिए। योजना के तहत बकाये की मूल धनराशि जमा करने पर ब्याज में 50 से 100 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। साथ ही पात्र अर्थदंड भी पूरी तरह माफ किया जाएगा। यह बातें बुधवार को नवीन सभागार में जिला व्यापार बंधु एवं उद्योग बंधु की बैठक में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहीं।

बैठक में जिलाधिकारी ने व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। राज्य कर विभाग की ब्याज माफी योजना 2026 की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह योजना जीएसटी लागू होने से पहले के वैट और अन्य संबंधित करों के बकायों पर लागू है। इसमें 31 दिसंबर 2025 तक सृजित बकायों की मूल धनराशि जमा करने पर ब्याज में छूट मिलेगी।

योजना के अनुसार 10 लाख रुपये तक के बकाये पर ब्याज में 100 प्रतिशत, 10 लाख से एक करोड़ रुपये तक 90 प्रतिशत, एक से पांच करोड़ रुपये तक 75 प्रतिशत और पांच करोड़ रुपये से अधिक के बकाये पर 50 प्रतिशत छूट मिलेगी। सभी श्रेणियों में पात्र अर्थदंड की पूरी राशि माफ होगी, जबकि मूल बकाया धनराशि में कोई छूट नहीं मिलेगी।

औद्योगिक क्षेत्रों से प्राप्त कर की 60 प्रतिशत धनराशि वहीं के विकास कार्यों पर खर्च किए जाने के प्रावधान पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि दादानगर, फजलगंज और पनकी औद्योगिक क्षेत्रों से पिछले तीन वर्षों में करीब 40 करोड़ रुपये कर वसूला गया है। इसके सापेक्ष करीब 27 करोड़ रुपये विकास कार्यों पर खर्च किए गए हैं। जिलाधिकारी ने इन कार्यों का विवरण औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ साझा करने के निर्देश दिए।

रूमा और भौंती औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया। इस्पात नगर में सड़क, नाली, सीवर और मार्ग प्रकाश की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा पनकी औद्योगिक क्षेत्र साइट-04 में क्षतिग्रस्त सड़क, भौंती में सड़क और नाला निर्माण, भौंती फ्लाईओवर की सर्विस लेन पर रैंप निर्माण तथा भारत पेट्रोलियम डिपो से भौंती जरौली होते हुए सचेंडी थाने तक सड़क निर्माण के प्रकरणों की समीक्षा की गई। चकेरी औद्योगिक क्षेत्र में पार्क की भूमि के सीमांकन और जलनिकासी की समस्या पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप