वनवासी बस्ती में लगी रात्रि जन चौपाल, योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश:ए के शर्मा
जौनपुर, 22 जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा के निर्देश पर रविवार को विकास खंड रामपुर की ग्राम पंचायत पट्टीकीरत राय स्थित अटल आवासीय परिसर (वनवासी बस्ती) में रात्रि जन चौपाल आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. आर.के. पटेल, ब्लॉक प्रमुख राहुल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपा शंकर सिंह, पूर्व विधायक सुषमा पटेल, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया मौजूद रहे।
वर्चुअल माध्यम से जुड़े प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को पात्र परिवारों को आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और गांवों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने कहा कि रात्रि चौपाल का उद्देश्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना है। अन्य वक्ताओं ने भी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर बल दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया गया, पौधरोपण हुआ और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत दो लाभार्थियों को ई-रिक्शा वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी दिए गए। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि शेष पात्र लोगों को भी जल्द योजनाओं का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव