बुधवार को अशोक लाट में होगा अयोध्यावासी वैश्य समाज का शक्ति प्रदर्शन
पिछड़े वर्ग में शामिल करने की मांग को लेकर दिखाएंगे एकजुटता
बांदा, 22 सितंबर (हि.स.)।
उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अयोध्यावासी वैश्य समाज को पिछड़े वर्ग में शामिल किए जाने की मांग को लेकर 23 सितंबर को बांदा शहर के अशोक लाट में समाज का बड़ा जुटान होने जा रहा है। इसे समाज के लोग महाकुंभ के रूप में आयोजित कर रहे हैं। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। महाकुंभ के बाद अयोध्यावासी वैश्य समाज के प्रतिनिधिमंडल द्वारा जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
समाज की ओर से लंबे समय से अयोध्यावासी वैश्य समाज को पिछड़े वर्ग में शामिल किए जाने की मांग उठाई जा रही है। इसी मांग को लेकर जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में बैठकें, जनसंपर्क और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। समाज के लोगों का कहना है कि अपनी मांग को शासन तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए 23 सितंबर को अशोक लाट में बड़ी संख्या में एकत्र होकर ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया है।
महाकुंभ को लेकर समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार गांवों और कस्बों में जनसंपर्क कर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। घर-घर संपर्क कर समाज के लोगों को 23 सितंबर को बांदा पहुंचने की अपील की जा रही है। आयोजकों का प्रयास है कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के लोग एकजुट होकर अपनी मांग को शासन-प्रशासन के समक्ष रखें।
बुधवार को अशोक लाट में होने वाले कार्यक्रम में समाज के लोग एकत्रित होकर अपनी मांग के समर्थन में चर्चा करेंगे। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा जाएगा। ज्ञापन में अयोध्यावासी वैश्य समाज को पिछड़े वर्ग में शामिल किए जाने की मांग प्रमुख रूप से रखी जाएगी।
समाज के लोगों का कहना है कि किसी भी समाज की मांग को शासन तक पहुंचाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना जरूरी है। इसी उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों ने समाज के सभी लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम में शामिल होने और अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने की अपील की है।
आयोजकों में शामिल उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य श्रीमती प्रभा गुप्ता का कहना है कि 23 सितंबर का कार्यक्रम समाज की एकजुटता और अपनी मांग को शासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने जिले के सभी क्षेत्रों में रहने वाले अयोध्यावासी वैश्य समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में अशोक लाट पहुंचने का आह्वान किया है।
कार्यक्रम को लेकर समाज के लोगों में तैयारियां तेज हैं और लगातार संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। अब 23 सितंबर को अशोक लाट पर होने वाले इस महाकुंभ में समाज की कितनी बड़ी भागीदारी रहती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह