बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाने सड़क पर उतरा टीका मित्र वाहन

 


देवरिया, 28 नवंबर (हि.स.)। बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाने और नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। शनिवार को जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विपिन रंजन ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से सहयोगी संस्था पीसीआई के सहयोग से टीका मित्र जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह वाहन जिले के सभी ब्लॉकों, गांवों, कस्बों और दूर-दराज के क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को टीकाकरण के महत्व की जानकारी देगा।

प्रचार वाहन पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से टीकाकरण से संबंधित वीडियो, नारे, पोस्टर और बैनर प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके साथ ही लाउडस्पीकर के जरिए भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। वाहन के माध्यम से माताओं और अभिभावकों को बताया जाएगा कि बच्चों को कौन-कौन से टीके कब और कहां लगवाने हैं।

इस मौके पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विपिन रंजन ने कहा कि टीकाकरण बच्चों को कई खतरनाक बीमारियों से बचाने का सबसे सस्ता और सुरक्षित तरीका है। हमारा लक्ष्य है कि जिले में एक भी बच्चा टीके से वंचित न रहे। आज भी कुछ परिवारों में टीकाकरण को लेकर भ्रम है कि टीका लगने से बच्चे को बुखार आएगा या वह रोएगा। प्रचार वाहन के माध्यम से इन भ्रांतियों को दूर किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि टीका लगने के बाद हल्का बुखार आना सामान्य प्रतिक्रिया हो सकती है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है। अभिभावकों को बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।

टीका मित्र वाहन भाटपाररानी, सलेमपुर, बरहज, रुद्रपुर, पथरदेवा, बैतालपुर, बनकटा, भलुअनी, भटनी, देसही देवरिया, गौरीबाजार, तरकुलवा, लार और रामपुर कारखाना सहित जिले के सभी ब्लॉकों में भ्रमण करेगा।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक