प्रयागराज में शुरू हुई यूरोलॉजी ओपीडी सेवा

 


प्रयागराज, 18 जून (हि.स)। मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल लखनऊ ने आज प्रयागराज में अपनी यूरोलॉजी ओपीडी सेवाओं की शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य किडनी, मूत्र मार्ग, प्रोस्टेट और पुरुष रिप्रॉडक्टिव अंगों की सेहत से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श और विशेष इलाज की सुविधा उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर ओपीडी सेवाओं का शुभारम्भ मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल लखनऊ के कंसलटेंट यूरोलॉजी डॉ. शुभेंदु भदूरी ने पत्रकारों को बताया कि हर महीने के तीसरे गुरुवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रयागराज स्थित किडनी केयर सेंटर में प्राथमिक परामर्श और फॉलो-अप के लिए उपलब्ध रहेंगे।

उन्होंने बताया कि इस सुविधा के माध्यम से किडनी स्टोन, बढ़े हुए प्रोस्टेट, यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन, पेशाब पर नियंत्रण न रहना, किडनी एवं ब्लैडर कैंसर, पुरुष बांझपन, इरेक्टाइल डिस्फंक्शन तथा अन्य जटिल यूरोलॉजिकल बीमारियों के लिए परामर्श एवं जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा, मरीजों को किडनी ट्रांसप्लांट से सम्बंधित जांच, मूल्यांकन और उपचार के लिए विशेषज्ञ परामर्श भी प्रदान किया जाएगा।

डॉ. शुभेंदु भदूरी ने कहा कि किडनी स्टोन, प्रोस्टेट का बढ़ना, बार-बार होने वाला यूरिन इन्फेक्शन और पेशाब से जुड़ी अन्य समस्याएं आजकल तेजी से बढ़ रही हैं। इसके बावजूद कई मरीज समय पर डॉक्टर से सलाह नहीं लेते। सही समय पर जांच और उपचार से गंभीर जटिलताओं को रोका जा सकता है और मरीजों के जीवन की गुणवत्ता में काफी सुधार लाया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र