परीक्षाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सकुशल, निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराए : दीपक कुमार
लखनऊ, 25 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) 2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार ने गुरुवार को करते हुए संबंधित मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कृषि उत्पादन आयुक्त ने निर्देशित किया कि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन निर्धारित मानकों के अनुरूप सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा सामग्री की सुरक्षा से लेकर परीक्षा केंद्रों की निगरानी तक प्रत्येक स्तर पर विशेष सतर्कता बरती जाए।अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग पूरी गंभीरता के साथ की जाए।
उन्होंने कहा कि गोपनीय परीक्षा सामग्री का भंडारण कोषागार के डबल-लॉक सिस्टम में किया जाए तथा प्रश्नपत्रों एवं अन्य गोपनीय सामग्री का परिवहन सेक्टर मजिस्ट्रेट की अभिरक्षा में सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा केंद्रों पर स्थापित कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाए।
कृषि उत्पादन आयुक्त ने कहा कि प्रश्नपत्रों को खोलने, वितरण करने तथा परीक्षा समाप्ति के उपरांत पुनः सील करने की संपूर्ण प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जाए। इसके लिए परीक्षा से संबंधित सभी कार्मिकों को पूर्व में ही संवेदनशील एवं प्रशिक्षित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि संपूर्ण प्रक्रिया की अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी कराई जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना समाप्त हो सके। साथ ही, निरीक्षकों (Invigilators) का कक्ष आवंटन स्टेटिक मजिस्ट्रेट द्वारा किया जाए, मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहे, सभी संबंधित कार्मिकों से ‘नो रिलेशन सर्टिफिकेट’ प्राप्त किया जाए तथा परीक्षा सामग्री की पैकिंग एवं सीलिंग में निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंध, चिकित्सकीय प्रबंध, पेयजल की उपलब्धता एवं सुचारू विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की जाए।
बैठक में अवगत कराया गया कि उच्च प्राथमिक स्तर की शिक्षक पात्रता परीक्षा 02 जुलाई 2026 को दो पालियों में एवं 03 जुलाई 2026 को प्रथम पाली में आयोजित होगी। वहीं प्राथमिक स्तर की परीक्षा 03 जुलाई 2026 को द्वितीय पाली एवं 04 जुलाई 2026 को प्रथम पाली आयोजित होगी।
प्रथम पाली प्रातः 9:30 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:30 बजे से 5:00 बजे तक आयोजित होगी। यह परीक्षा प्रदेश के 60 जनपदों के 955 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें कुल 19,94,661 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
बैठक में प्रमुख सचिव, उच्च शिक्षा एम.पी. अग्रवाल, शिक्षा आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन