पशुधन प्रसार अधिकारी मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन की तारीख घोषित, 1251 पदों पर होगी भर्ती
लखनऊ, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने पशुधन प्रसार अधिकारी मुख्य परीक्षा (प्रा०अ०प्र०-2025)/17 के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी विज्ञापन संख्या-17-परीक्षा/2026 के तहत 1251 पदों पर भर्ती की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 9 सितंबर 2026 से शुरू होगी।
आयोग के अनुसार अभ्यर्थी 9 सितंबर से 29 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क जमा करने और आवेदन पत्र सबमिट करने की अंतिम तिथि भी 29 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं शुल्क समायोजन एवं आवेदन पत्र में संशोधन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर 2026 रखी गई है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि पशुधन प्रसार अधिकारी मुख्य परीक्षा के लिए वही अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने विज्ञापन संख्या-01-परीक्षा/2025 के तहत आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2025 (PET-2025) में भाग लिया है और निर्धारित न्यूनतम अर्हता प्राप्त की है। मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग PET-2025 के स्कोर के आधार पर की जाएगी।
पैट (PET) 2025 में शामिल अभ्यर्थी ही कर सकेंगे आवेदन
विज्ञापन में आयोग ने यह भी कहा है कि मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग उनके PET-2025 के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर की जाएगी। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा में प्राप्त वास्तविक (Absolute) स्कोर अथवा नॉर्मलाइज्ड स्कोर में जो न्यूनतम होगा, उसके आधार पर अर्हता निर्धारित किए जाने की स्थिति में अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं किया जाएगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले विज्ञापन में दी गई शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, शुल्क और अन्य शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। आवेदन केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। ऑफलाइन या अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन शुरू: 9 सितंबर 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 29 सितंबर 2026
शुल्क समायोजन/आवेदन संशोधन की अंतिम तिथि: 6 अक्टूबर 2026
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा