उप्र सहायक लेखाकार भर्ती में 1643 अभ्यर्थियों का अंतिम परिणाम जारी, आरक्षित श्रेणी के कई पद रह गए खाली
लखनऊ, 12 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने सहायक लेखाकार एवं लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा-2023 के तहत विभिन्न पदों पर चयनित अभ्यर्थियों का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। आयोग की ओर से 12 अगस्त 2026 को जारी आवश्यक सूचना में बताया गया है कि कुल 1828 पदों के सापेक्ष विभागवार, पदवार और श्रेणीवार 1643 अभ्यर्थियों के चयन को अंतिम रूप दिया गया है।
आयोग के अनुसार विज्ञापन संख्या-03-परीक्षा/2024 के अंतर्गत आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय के नियंत्रणाधीन सहायक लेखाकार के 668 पद, सहायक लेखाकार के 950 पद, लेखा परीक्षक के 209 पद तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के नियंत्रणाधीन सहायक लेखाकार के एक पद पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे।
आयोग के सचिव हरिकेश चौरसिया की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, लिखित परीक्षा के स्कोर और अभ्यर्थियों की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों के निस्तारण के बाद आयोग ने 1828 पदों के सापेक्ष 1643 अभ्यर्थियों के अंतिम परिणाम को मंजूरी दी है।
सहायक लेखाकार के 668 पदों में 570 का चयन
आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय के नियंत्रणाधीन सहायक लेखाकार के 668 पदों के सापेक्ष 570 अभ्यर्थी अंतिम रूप से चयनित हुए हैं। इनमें अनारक्षित वर्ग के 387, अन्य पिछड़ा वर्ग के 117 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 66 अभ्यर्थी शामिल हैं। अनुसूचित जाति के 88 और अनुसूचित जनजाति के 10 पदों के सापेक्ष अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण ये पद रिक्त रह गए।
क्षैतिज आरक्षण के तहत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित श्रेणी में पांच, सैन्य/भूतपूर्व सैनिक श्रेणी में 33 और महिला श्रेणी में 133 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। हालांकि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित के आठ, सैन्य/भूतपूर्व सैनिक के 32 और उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी के 13 पदों के लिए उपयुक्त अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हो सके।
950 पदों के सापेक्ष 866 अभ्यर्थी चयनित
सहायक लेखाकार के 950 पदों वाली विशेष चयन प्रक्रिया में 866 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ है। इनमें अनुसूचित जाति के 399, अनुसूचित जनजाति के 38 और अन्य पिछड़ा वर्ग के 513 अभ्यर्थी शामिल हैं। क्षैतिज आरक्षण के तहत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित श्रेणी में दो और महिला श्रेणी में 190 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
आयोग की सूचना के मुताबिक लंबवत आरक्षण के तहत अनुसूचित जाति के 58 और अनुसूचित जनजाति के 26 पदों के लिए अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण पद अग्रनित रह गए। वहीं क्षैतिज आरक्षण में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित के 17, सैन्य/भूतपूर्व सैनिक के 47 और उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी के 19 पदों के लिए भी अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हो सके।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि शेष पदों और अन्य पदों के अंतिम परिणाम की जानकारी भी जारी की गई सूचना में दी गई है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी विस्तृत परिणाम और श्रेणीवार चयन सूची देख सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा