सुरक्षित भूमि पर आंबेडकर प्रतिमा को लेकर बवाल, पथराव के बाद पुलिस ने हटवाया अवैध चबूतरा
अमेठी, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले रामगंज थाना क्षेत्र स्थित नरहरपुर गांव में सुरक्षित श्रेणी की भूमि पर अतिक्रमण को लेकर रविवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। ग्रामीणों ने अवैध रूप से चबूतरा बनाकर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास किया गया। इसकाे लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच टकराव हो गया । इस दौरान नाराज ग्रामीणों ने पथराव भी किया, जिसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। फिलहाल अवैध अतिक्रमण को हटवा दिया गया है स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है।
नरहरपुर गांव में मृत पशुओं के निस्तारण (खाल निकालने व दफनाने) के लिए आरक्षित भूमि पर अवैध कब्जा करते हुए बाबा साहब आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने का मामला सामने आया है। प्रशासन के पूर्व में मना किए जाने के बावजूद शुक्रवार देर रात कुछ ग्रामीणों ने वहां कच्चा चबूतरा बना दिया। शनिवार काे सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस और राजस्व टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को हटवा दिया। टीम के लौटने के बाद ग्रामीणों ने दोबारा चबूतरा बनाकर उस पर आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी।
स्थिति की जानकारी मिलते ही पुलिस पुनः मौके पर पहुंची और प्रतिमा हटाने का प्रयास किया, जिस पर ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते पथराव होने लगा। हालात बिगड़ते देख रामगंज, पीपरपुर और संग्रामपुर थानों की पुलिस के साथ क्विक रिस्पांस टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रतिमा को सम्मानपूर्वक सुरक्षित स्थान पर रखवाया और चबूतरे को पुनः ध्वस्त कर दिया। मौके पर उपजिलाधिकारी आशीष कुमार सिंह, तहसीलदार सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
उपजिलाधिकारी अमेठी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित भूमि ‘खंडवार’ के नाम दर्ज सुरक्षित श्रेणी की जमीन है, जिस पर किसी प्रकार का निर्माण अवैध है। अवैध कब्जा हटवा कर बाबा साहब की प्रतिमा को सुरक्षित रखवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में हल्का बल प्रयोग करना पड़ा है फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था कायम है।
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना में शामिल अराजक तत्वों को चिन्हित किया जा रहा है। करीब छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य के खिलाफ भी सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर गश्त बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी