लबकनी गांव में आंबेडकर प्रतिमा स्थापना को लेकर बवाल, पांच कर्मचारी निलंबित
देवरिया, 31 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में गाैरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित लबकनी गांव में सरकारी खलिहान की भूमि पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने काे लेकर गुरुवार काे हुए विवाद के बाद कार्रवाई तेज हाे गई है।इसी क्रम में शुक्रवार काे पुलिस और राजस्व कर्मी समेत पांच लाेगाें काे निलंबित किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि बुधवार शाम दलित समुदाय के कुछ लोगों ने खलिहान की भूमि पर चबूतरा बनाकर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा रखी थी। इसकाे लेकर गुरुवार सुबह विवाद हाे गया। विरोध करने वाले ग्रामीणों का कहना था कि सार्वजनिक सरकारी भूमि पर प्रशासन की अनुमति के बिना प्रतिमा स्थापित नहीं की जा सकती। उनका सुझाव था कि प्रतिमा को आबादी क्षेत्र अथवा किसी पार्क में नियमानुसार अनुमति लेकर स्थापित किया जाए। इसकाे लेकर विवाद हाे गया था।
सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया जा रहा था, तभी कुछ अराजकतत्वों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिसमें पुलिस और प्रशासन के कर्मचारी घायल हाे गए। घटना के बाद जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की।घायलाें काे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रारंभिक जांच में स्थानीय स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर गौरीबाजार थाना के उपनिरीक्षक अरविंद कुमार यादव, बीट हेड कांस्टेबल रमेश यादव, एलआईयू के बीट हेड कांस्टेबल नागेंद्र सिंह, संबंधित लेखपाल तथा पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया। प्रशासन के अनुसार यह प्रारंभिक कार्रवाई है। विस्तृत जांच में यदि किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखी जा रही है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक