परिजनाें ने बडे़ चाैराहे पर शव रखकर किया हंगामा, गिरफ्तारी की मांग

 


कानपुर, 09 मई (हि.स.)। व्यापारी विजय चौरसिया की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर बड़ा चौराहे पहुंच गए और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

बीती देर शाम होजरी कारोबारी विजय चौरसिया (42) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी थी। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन और व्यापारी शव लेकर बड़ा चौराहे पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपितों में शामिल एक व्यक्ति किसी एसडीएम का रिश्तेदार है, जिसके चलते पुलिस कार्रवाई में देरी हो रही है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।

मौके पर पहुंचे एडीसीपी शिवा सिंह ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए चार टीमें लगाई गई हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो छह लोगों को उठाकर पूछताछ की जा रही है। एडीसीपी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद परिजन शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप