समाज कल्याण मंत्रालय की बड़ी उपलब्धि : यूपीपीसीएस -2024 में 45 अभ्यर्थियों का हुआ चयन

 

-निःशुल्क कोचिंग, मॉक इंटरव्यू और मार्गदर्शन से मिली सफलता, राज्यमंत्री असीम अरुण ने दी बधाई

लखनऊ, 30 मार्च (हि.स.)। समाज कल्याण मंत्रालय की निःशुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन योजनाओं ने एक बार फिर उत्कृष्ट परिणाम देकर अपनी प्रभावशीलता साबित की है। पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र, भागीदारी भवन और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से जुड़े 45 अभ्यर्थियों ने उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा यूपीपीसीएस -2024 परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इनमें 35 अभ्यर्थी विभिन्न कोचिंग संस्थानों से और 10 अभ्यर्थी अभ्युदय योजना के अंतर्गत मॉक इंटरव्यू कार्यक्रम से सफल हुए हैं।

सभी चयनित अभ्यर्थियों को समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों की यह उपलब्धि न केवल आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन कर रही है, बल्कि यह संदेश भी दे रही है कि सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेधावी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित हैं और ऐसे परिणाम इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सार्थकता को दर्शाते हैं।

समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि भागीदारी कोचिंग स्थित आवासीय कोचिंग से 16, अलीगंज स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र से 8, हापुड़ स्थित राजकीय आईएएस/पीसीएस कोचिंग केंद्र से 4 और अभ्युदय योजना से 17 अभ्यर्थी सफल हुए हैं।

विषय विशेषज्ञों और वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन

समाज कल्याण मंत्रालय के निःशुल्क कोचिंग संस्थान अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को नि:शुल्क आवासीय सुविधा, भोजन, पुस्तकालय, ऑनलाइन और ऑफलाइन क्लासेज, टेस्ट पेपर की सुविधा उपलब्ध कराते हुए मुख्य परीक्षा के साथ ही इंटरव्यू के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाते हैं, जहां विषय विशेषज्ञों और वरिष्ठ आईएएस और पीसीएस अधिकारियों द्वारा अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक