दुग्ध स्वर्ण महोत्सव 2026 का आधिकारिक कर्टेन रेजर जारी
दुग्ध स्वर्ण महोत्सव 2026 का 17 व 18 अप्रैल को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगा भव्य आयोजन
लखनऊ, 15 अप्रैल (हि.स.)। दुग्धशाला विकास विभाग की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 व 18 अप्रैल 2026 को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मार्स हॉल इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमती नगर में दुग्ध स्वर्ण महोत्सव-2026 का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम कैबिनेट मंत्री दुग्ध विकास, पशुधन एवं राजनैतिक पेंशन, धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में सम्पन्न होगा।
कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव, पशुधन, मत्स्य एवं दुग्ध विकास, मुकेश कुमार मेश्राम, दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के. एवं शासन के वरिष्ठ अधिकारीगण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। इस संबंध में बुधवार को यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में दुग्ध स्वर्ण महोत्सव-2026 का आधिकारिक कर्टेन रेजर जारी किया गया।
अपर मुख्य सचिव, पशुधन, मत्स्य एवं दुग्ध विकास मुकेश कुमार मेश्राम ने बताया कि इस कार्यक्रम में विभिन्न माध्यमों से प्रदेश के 10 हजार पशुपालकों/दुग्ध उत्पादकों एवं निवेशकों को प्रतिभाग कराते हुए विभाग के क्रिया-कलापों व विभागीय योजनाओं से अवगत कराया जायेगा। साथ ही वेब कास्टिंग/लाइव यूट्यूब के माध्यम से प्रदेश के समस्त जनपदों के साथ-साथ देश-विदेश के लाखों गौ पालक/निवेशकों को जोड़ा जायेगा। विभिन्न योजनाओं में उत्कृष्ट उपलब्धि अर्जित करने वाले पशुपालकों एवं निवेशकों को सम्मानित/पुरस्कृत किया जाएगा। निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित निवेशकों द्वारा अपने स्टॉल कियोस्क के माध्यम से दुग्ध उत्पाद/नवाचार इत्यादि का प्रदर्शन किया जायेगा एवं डेयरी क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए नवीनतम प्रौद्योगिकी, स्वदेशी नस्ल के गौ पालन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृवीकरण पर विचार विमर्श एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियाँ विषय विशेषज्ञों द्वारा साझा की जायेगी एवं स्वदेशी व्यंजनों का फूड कोर्ट भी लगाया जायेगा। दुग्ध क्षेत्र के उद्यम को बढ़ावा देने हेतु सिंगल विंडो के माध्यम से इच्छुक निवेशकों के साथ एमओयू भी सम्पादित किया जाएगा।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में ’गौ पूजन, प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन, प्रगतिशील गौ पालकों एवं निवेशकों की सफलता की कहानी की पुस्तिका का विमोचन, विभागीय सोशल मीडिया चैनल का शुभारम्भ, नन्द बाबा दुग्ध मिशन के अन्तर्गत विकासखण्ड स्तरीय विजेताओं को डीबीटी के माध्यम से पुरस्कार धनराशि का वितरण, प्रगतिशील गौपालकों ,अग्रणी निवेशकों एवं प्रतिभाशाली नवाचारों का सम्मान, गौशाला एवं गोबर गैस के महत्व का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में बाबा गोरखनाथ कृष्ण तथा बलिनी एमपीसी का प्रस्तुतीकरण दुग्ध विज्ञान क्षेत्र के प्रख्यात शिक्षाविदों का प्रस्तुतीकरण, ’नंद बाबा दुग्ध मिशन एवं दुग्ध नीति-2022 के लाभार्थियों द्वारा प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा