घुमंतू समाज के उत्थान के लिए समर्पित राज्य सरकार : असीम अरुण

 




-समाज के लोगों ने मंत्री से मूलभूत सुविधाओं की उठाई मांग

लखनऊ, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में लखनऊ जिले के कल्ली पश्चिम, में आयोजित घुमंतू समाज आभार सम्मेलन (जनजाति बारा समाज सम्मेलन) में प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि हम यहाँ किसी चुनाव के सिलसिले में नहीं, बल्कि घुमंतू समाज के सर्वांगीण विकास और उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए आए हैं। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रेरणा का उल्लेख करते हुए उन्होंने समाज को शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

मंत्री असीम अरुण ने कहा कि आजादी की लड़ाई में इस समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अतीत में हुए अत्याचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अब इस समाज पर कोई अत्याचार नहीं होने दिया जाएगा। सरकार द्वारा 'घुमंतू विकास मिशन' और 'घुमंतू विकास बोर्ड' के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

जैसे क्षेत्र में सड़क, स्ट्रीट लाइट, स्कूल, बारात घर, सामुदायिक भवन और सामुदायिक शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। समाज के लोगों के लिए शिविर लगाकर आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, आवास योजना एवं रोजगार से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान देवेन्द्र आस्थाना (प्रान्त सेवा प्रमुख), अजय (विभाग संयोजक, घुमंतू परिषद सीतापुर), सूरज नाथ सपेरा, गगन शर्मा (जन संपर्क सेवा प्रमुख), राज कुमार सरदार, कृपाशंकर, राजेंद्र नाथ, कन्हैया नाथ, सैलानी नाथ, राम सिंह, मुकेश नाथ, भवानी, पप्पू नाथ, करण नाथ, छेदी लाल, प्रवेश नाथ, उमेश नाथ, रकम नाथ, अगम नाथ शामिल रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक