यूपीआई ने भारत की डिजिटल शक्ति को वैश्विक पहचान दिलाई : केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ, 25 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के 10 गौरवपूर्ण वर्ष पूर्ण होने पर समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में यूपीआई ने भारत में डिजिटल भुगतान की व्यवस्था को सरल, सुरक्षित, त्वरित और पारदर्शी बनाकर सुशासन एवं वित्तीय समावेशन को नई गति प्रदान की है। यूपीआई ने डिजिटल लेन-देन को आम नागरिक के जीवन का सहज हिस्सा बनाते हुए देश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रांति ने बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं को जन-जन की पहुंच तक पहुंचाने का कार्य किया है। आज रेहड़ी-पटरी लगाने वाले छोटे दुकानदारों, किसानों और श्रमिकों से लेकर छोटे-बड़े व्यापारियों तथा उद्यमियों तक, समाज के प्रत्येक वर्ग को यूपीआई के माध्यम से सुगम और त्वरित भुगतान की सुविधा मिल रही है। इससे आर्थिक गतिविधियों को गति मिली है और आमजन के सशक्तीकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
मौर्य ने कहा कि एक अभिनव पहल के रूप में शुरू हुआ यूपीआई आज आत्मनिर्भर भारत की डिजिटल शक्ति और वैश्विक पटल पर भारत की तकनीकी क्षमता का सशक्त प्रतीक बन चुका है। करोड़ों नागरिकों, व्यापारियों और उद्यमियों के लिए त्वरित, सुगम और विश्वसनीय भुगतान का माध्यम बना यूपीआई आज प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपीआई की सफलता यह दर्शाती है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह उपलब्धि ‘डिजिटल इंडिया’ से ‘आत्मनिर्भर भारत’ तक की विकास यात्रा में भारत की बढ़ती सामर्थ्य और संकल्प का प्रमाण है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन