बाबा साहब और पीडीए ने नाम पर सपा जनता को कर रही गुमराह : केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर राजनीति करने और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नाम पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
फतेहपुर रवाना होने से पहले लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत में मौर्य ने सपा नेता आजम खान का जिक्र करते हुए उन पर बाबा साहब के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया। उन्होंने शिवपाल सिंह यादव को लेकर भी सपा नेतृत्व पर तंज कसते हुए दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर राजनीति करने से पहले अपनी पार्टी के पुराने फैसलों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान अंबेडकर के नाम से जुड़े शिलापट को हटाया गया और उनके नाम पर बने मेडिकल कॉलेज का नाम बदला गया था। उन्होंने तत्कालीन मंत्री आजम खान पर भी बाबा साहब के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया।
उपमुख्यमंत्री ने सपा पर अपराधियों, माफियाओं, दंगाइयों और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता सपा के शासनकाल को याद करती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश कानून-व्यवस्था और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा है, जबकि सपा की वापसी से प्रदेश में फिर अराजकता का माहौल पैदा होने का खतरा है।
मौर्य ने सपा की चुनावी संभावनाओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी की कुर्सी खाली है और मतदान के समय उसकी ईवीएम भी खाली रहेगी। उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में तैयार किए गए अपराधियों और माफियाओं को यदि रोजगार देने का काम किया गया होता, तो पार्टी को लेकर जनता की धारणा अलग हो सकती थी।
कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए मौर्य ने कहा कि कांग्रेस का हाथ देश के दुश्मनों के साथ और समाजवादी पार्टी का हाथ प्रदेश के दुश्मनों के साथ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता ने इन दलों को नकार दिया है, इसलिए वे वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। मौर्य ने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को हासिल करने तक भाजपा सरकार विकास के एजेंडे पर काम करती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा