डबल इंजन की सरकार के साथ चलिए आजमगढ़ को हम सुरक्षित और समृद्ध बनायेंगे : मुख्यमंत्री योगी

 


मुख्यमंत्री योगी ने 955 करोड़ की लागत से 39 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

आजमगढ़, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ में 955 करोड़ की लागत से 39 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने प्रदर्शनी का निरीक्षण भी किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आजमगढ़वासियों से कहा कि वर्तमान को सुधारने के लिए उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए डबल इंजन की सरकार के साथ डबल स्पीड के साथ आगे चलने की तैयारी करिए, हम आजमगढ़ को सुरक्षित और समृद्ध बनायेंगे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ। सपा, कांग्रेस यह काम नहीं कर पाती।

मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा जब यह आपके पूर्वजों को सम्मान नहीं दे सकते। आपकी आस्था का सम्मान नहीं कर सकते, देवी देवताओं का सम्मान नहीं कर सकते तो आप इनके साथ जुड़कर कौन सा तीर मार देंगे। यह लोग कुछ नहीं कर सकते, विकास नहीं कर सकते, गरीबों का कल्याण नहीं कर सकते, युवाओं को नौकरी नहीं दे सकते तो आप क्यों सिर में ढ़ोकर चलते हैं। इसलिए डबल इंजन की सरकार के साथ डबल स्पीड के साथ आगे चलने की तैयारी करिए। योगी ने कहा कि यहां लोकसभा और विधानसभा में भाजपा नहीं जीती फिर भी आजमगढ़ को हमने विकास से वंचित नहीं होने दिया।

महाराजा सुहेलदेव की स्मृतियों को नमन करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजमगढ़ का गौरवशाली इतिहास रहा है। साधना का केन्द्र बिन्दु रहा है। आजादी के आन्दोलन में यहां के लोगों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। वह जनपद पहचान के लिए मोहताज रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारा देश भारत एक नये भारत के रूप में दुनिया में अपना लोहा मनवा रहा है। 2014 से पहले दुश्मन देश भारत को आंख दिखाते थे। देश नक्सलवाद से पीड़ित था। आज मोदी के नेतृत्व में नये भारत का दर्शन हमारी पीढ़ी कर रही है।

उन्हाेंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने विदेशी आक्रान्ताओं को नेस्तानाबूद करने का काम किया। जब हम आपस में बंट गये, परिणाम हम सबके सामने आया। महाराज सुहेलदेव के बाद मुहम्मद गोरी का हमला हुआ। पृथ्वीराज चौहान ने 17 बार गोरी को हराया। बहराइच में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर नहीं आक्रान्ता गाजी के नाम से वहां आयोजन होता था। आज वहां महाराजा सुहेलदेव का भव्य स्मारक बन गया है, जितनी गति उतनी प्रगति।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निरहुआ भोजपुरी की मिठास को दुनिया में पहुंचाने का काम कर रहे हैं। यह रांगेय राघव की धरती है। अयोध्या सिंह उपाध्याय हरिऔध की धरती है। हर आतंकवादी गतिविधियों में संजरपुर की धरती का नाम आता था। गरीब के लिए न शौचालय न मकान,न राशन की व्यवस्था थी। युवाओं की नौकरियों पर सेंध लगती थी। बेटियों के लिए न कोई योजना थी न शिक्षा,न सुरक्षा की व्यवस्था थी। निराश्रित महिलाओं के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन