जागरूक युवा बनेंगे देश की आवाज: न्यायमूर्ति सुभाष चंद्र शर्मा

 


बाराबंकी, 28 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी में मोहनलाल वर्मा एजुकेशनल इंस्टीट्यूट बाराबंकी में जनपद स्तरीय युवा सांसद 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उच्च न्यायालय इलाहाबाद के न्यायमूर्ति सुभाष चंद्र शर्मा द्वारा माता सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि तथा दीप प्रज्वलन के द्वारा किया गया।

न्यायमूर्ति शर्मा ने उद्घाटन भाषण में प्रतिभागी युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश उस तरफ चलता है, वैसा ही बनता है, जैसा देश के युवा सोचते, समझते और कार्य करते हैं। इसलिए यह आवश्यक है कि आज का युवा सिर्फ अपने व्यक्तिगत और पारिवारिक चिंतन में ही ना जिए, उसके चिंतन में राष्ट्र भी सम्मिलित होना चाहिए।

मेरा युवा भारत बाराबंकी के जिला युवा अधिकारी रश्मि शबनम गुप्ता तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला नोडल अधिकारी डॉ पंकज कुमार पटवा के संयुक्त निर्देशन में जिला युवा-संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समापन सत्र में उत्तर प्रदेश के अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने विजेताओं को प्रमाण पत्र वितरित किये।

युवा संसद कार्यक्रम में प्रतिभागियों के भाषण के मूल्यांकन के लिए वरिष्ठ साहित्यकार कवि प्रदीप सारंग, जनेस्मा पीजी कॉलेज के हिंदी विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉक्टर अनिल विश्वकर्मा, मुंशी रघुनंदन प्रसाद, सरदार वल्लभ भाई पटेल महिला पीजी कॉलेज की प्राचार्या डॉक्टर उषा चौधरी, प्राचार्य डॉ हृदय नारायण चौधरी तथा समाजसेवी दर्शन सिंह निर्णायक मंडल में रहे। प्रथम पाँच प्रतिभागियों का चयन करके विधानसभा के लिए उनका नाम घोषित किया। युवा संसद कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक प्राध्यापिकाएं तथा सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी