दाह संस्कार में आए तीन युवक गंगा में डूबे, चौकीदारों ने दाे काे बचाया, एक लापता
मीरजापुर, 18 जून (हि.स.)। चील्ह थाना क्षेत्र के भोगांव गंगा घाट पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। दाह संस्कार में शामिल होने आए तीन युवक गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर तैनात दो चौकीदारों ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए दो युवकों की जान बचा ली, जबकि एक युवक गंगा की तेज धारा में लापता हो गया।
भदोही जनपद के ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के पीपर गांव की एक महिला के दाह संस्कार के लिए परिजन और रिश्तेदार गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे भोगांव गंगा घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार के बाद विकास कुमार (23) पुत्र राजबली निवासी पीपरगांव, ज्ञानपुर, ललित (28) निवासी लारीपुर, भदोही तथा सागर सरोज गंगा में स्नान करने चले गए।
स्नान के दौरान तीनों युवक अचानक गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे। युवकों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और शोर सुनकर घाट पर तैनात चील्ह थाने के चौकीदार कल्लू चौधरी और राजेंद्र बिना देर किए गंगा में कूद पड़े।
दोनों चौकीदारों ने बहादुरी दिखाते हुए ललित और सागर सरोज को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि विकास कुमार गहरे पानी में समा गया और देखते ही देखते लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घाट पर पहुंच गए। सूचना पर चील्ह थाना प्रभारी वैद्यनाथ सिंह तथा टेढ़वा चौकी प्रभारी संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ टीम की सहायता से गंगा में विकास कुमार की तलाश की जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका था।
थाना प्रभारी वैद्यनाथ सिंह ने बताया कि लापता युवक की खोजबीन लगातार जारी है। वहीं चौकीदारों द्वारा दिखाई गई बहादुरी की स्थानीय लोगों ने सराहना की है, जिनकी तत्परता से दो युवकों की जान बच सकी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा